करवा चौथ पूजा मुहूर्त

 


जयपुर, 13 अक्टूबर ,(कायस्थ टुडे) । आज सुहागिनों का महापर्व करवा चौथ है। हिंदू धर्म में सुहागिन महिलाओं के द्वारा रखा जाना वाला यह एक खास व्रत है। करवा चौथ के पर्व में सुहागिन महिलाएं सूर्योदय से लेकर शाम के चंद्रोदय होने तक व्रत रखती हैं। करवा चौथ में महिलाएं दिनभर निराहार और निर्जला व्रत रखते हुए अपने पति की लंबी आयु और सुखी जीवन की कामना करती हैं। 


व्रती महिलाएं सूर्योदय से पहले सरगी ग्रहण करती हैं और दिन भर उपवास रखते हुए शाम के समय करवा माता की पूजा,आरती और कथा सुनती हैं। इसके बाद शाम को चंद्रमा के निकलने का इंतजार करती हैं और जब चांद के दर्शन होते हैं तो सभी सुहागिन महिलाएं चंद्रमा को अर्घ्य देते हुए अपने पति के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत खोलती हैं। सभी सुहागिन महिलाएं व्रत पूरा करने के बाद अपने सास-ससुर और बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हुए करवा चौथ का पारण करती हैं। आइए जानते हैं सुहागिनों का महापर्व कहलाए जाने वाले इस करवा चौथ पूजा का शुभ मुहूर्त ,पूजा विधि , पूजा सामग्री, मंत्र,कथा और चंद्रोदय का समय...


करवा चौथ पूजा मुहूर्त 

हिंदू पंचांग के अनुसार करवा चौथ का त्योहार हर वर्ष कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। इस बार करवा चौथ का पर्व 13 अक्तूबर 2022, गुरुवार को है। करवा चौथ पर दिनभर निर्जला व्रत रहते हुए भगवान शिव, माता पार्वती,स्वामी कार्तिकेय,भगवान गणेश और चंद्रदेव की पूजा होती है। करवा चौथ पर शुभ मुहूर्त में करवा माता की पूजा,आरती और कथा सुनने का विधान होता है। फिर इसके बाद चंद्रमा के दर्शन करते हुए अर्घ्य देकर व्रत पूरा करते हैं। 

 करवा चौथ पूजा शुभ मुहूर्त शाम 05 बजकर 54 मिनट से 07 बजकर 03 मिनट तक

अवधि 1 घंटा 09 मिनट

करवा चौथ चंद्रोदय का समय शाम 08 बजकर 22 मिनट पर जयपुर में